|
1
|
Dainik vishva parivaar
|
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद ललितपुर में मसौरा–सिंदवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत 20 ग्रामों में जल अर्पण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को हर घर नल से सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (VWSC) को सामुदायिक सहभागिता के साथ सौंपने का संदेश दिया गया।
जल अर्पण कार्यक्रमों में ग्रामीणों को पेयजल के महत्व, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पेयजल स्रोतों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों से पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन में सहयोग करने तथा पाइपलाइन, नल कनेक्शन एवं अन्य परिसंपत्तियों की देखभाल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं ग्रामीणों ने घर-घर नल से जल उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने बताया कि नल से पानी मिलने से पानी लाने में लगने वाले समय एवं श्रम की बचत होगी तथा परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रमों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, VWSC सदस्य, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर जल संरक्षण, नियमित निगरानी, स्वच्छता तथा पेयजल योजनाओं के दीर्घकालिक एवं प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया।
मसौरा–सिंदवाहा योजना के अंतर्गत सिंदवाहा, गुनदनपुर, जरया, टोला, मेनवार, सुकड़ी, कुरौरा, मसौरिया, बारों, बरवईयार, नैकी, छपरट, पडवा, किसरदा, सतौरा, अमोरा, भैंरा, सिलावन, खितवास एवं चकरा सहित 20 गांवों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की योजनाओं को जनभागीदारी से संचालित एवं संरक्षित करने का संदेश दिया गया।
|
31-Jul-2026
|
अटैचमेंट खोलें
|